Site icon GIRIDIH UPDATES

जेईई मेन सेशन वन में धनबाद के अभिमन्यु टिबरेवाल बने झारखंड टॉपर

Share This News

धनबाद के होनहार छात्र अभिमन्यु टिबरेवाल ने जेईई मेन सेशन वन परीक्षा में झारखंड टॉप कर अपने जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने 99.99% अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस सफलता से परिवार, स्कूल और पूरे शहर में जश्न का माहौल है। अभिमन्यु की सफलता पर माता-पिता, शिक्षकों और दोस्तों ने गर्व महसूस किया है।

अभिमन्यु की इस उपलब्धि से उनके घर में उत्साह और खुशी का माहौल है। माता-पिता ने बेटे को मिठाई खिलाकर और आशीर्वाद देकर उसकी मेहनत की सराहना की। पिता अमित टिबरेवाल ने बताया कि अभिमन्यु की सफलता का कारण उसकी नियमित पढ़ाई और आत्मअनुशासन है। उनकी माता पूनम टिबरेवाल ने कहा कि यह क्षण परिवार के लिए गौरवशाली है और उन्होंने बेटे को पढ़ाई में हर संभव सहयोग दिया है।

अभिमन्यु टिबरेवाल राजगंज के मोंटफोर्ट एकेडमी में 12वीं कक्षा के छात्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा धनबाद पब्लिक स्कूल से हुई थी। उनकी सफलता पर स्कूल में भी जश्न मनाया गया। स्कूल प्रिंसिपल राजेश कुमार और शिक्षकों ने अभिमन्यु को सम्मानित किया और उसकी मेहनत और समर्पण की सराहना की। स्कूल के शिक्षकों ने उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

अभिमन्यु ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और अनुशासन को दिया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने व्हाट्सएप का इस्तेमाल केवल स्टडी मैटेरियल के लिए किया और प्रतिदिन लगभग 10 घंटे पढ़ाई की। उनका अगला लक्ष्य जेईई एडवांस की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करना है।

Exit mobile version