गिरिडीह झारखण्ड

पथरी ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने से मौत, परिजनों ने ऑपरेशन में लापरवाही आरोप लगाकर किया हंगामा

Share This News

गिरिडीह शहरी क्षेत्र के भंडारीडीह मोहनपुर की 32 वर्षीय महिला सेबून परवीन की बरमसिया स्थित श्री विश्वनाथ नर्सिंग होम में पथरी ऑपरेशन के बाद 15 अक्टूबर की सुबह मौत हो गई। मृतका के पति अशरफ हुसैन ने डॉक्टरों पर ऑपरेशन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि मंगलवार को दर्द की शिकायत के बाद महिला को इस नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। उसी रात डॉक्टरों ने पथरी का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद लगातार उसकी तबियत बिगड़ती चली गई। 13 अक्टूबर की रात पेशाब होना बंद हो गया। पीठ में काला निशान भी उभर आया।

डॉक्टरों ने पूछने पर बताया कि ऑपरेशन के बाद ये परेशानी मरीज को होती है।
14 अक्टूबर को महिला नर्सिंग होम से डिस्चार्ज होने वाली थी। डिस्चार्ज पेपर भी तैयार था। परिजनों ने डॉक्टरों को महिला के हालात की जानकारी दी। इसके बाद उसे वेंटिलेटर पर डाल दिया गया। वेंटिलेटर पर रहने के दौरान ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने नर्सिंग होम के बाहर हंगामा किया। वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि पूरी क्षमता के साथ महिला का इलाज किया गया है इलाज में कोई लापरवाही नही बरती गई है।