गिरिडीह झारखण्ड

गांवा में अवैध मायका खदान में ढिबरा चुनने के दौरान हादसा, दो महिलाओं की मौत अन्य घायल

Share This News

गिरिडीह। जिला के गांवा थाना क्षेत्र में अवैध मायका खदान में हादसा हुआ है। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि अन्य महिलाएं घायल हैं। बताया जाता है की अवैध मायका खदान में ढिबरा चुनने के दौरान चाल धसने से दो महिलाएं दब गई और मौके पर उनकी मौत हो गई। घटना गांवा थाना क्षेत्र के परसोनी स्थित अवैध मायका खदान में शुक्रवार को घटी है। मृतकों में गांवा के बिरने की रहने वाली 30 वर्षीय फुलवा देवी और टुनी देवी शामिल हैं। बताया जाता है कि मृतक महिलाएं रिश्ते में ननद भौजाई हैं। वहीं घायल महिला गीता देवी परसोनी की रहने वाली है। जिसका इलाज धनबाद में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों ननद भौजाई रिश्तेदार के यहां परसोनी गई हुई थी। वहीं पड़ोस की महिलाओं के साथ ढीबरा चुनने अवैध मायका खदान गई हुई थी और यह हादसा पेश आया।

ऐसे हुआ खुलासा

बताया जाता है कि घटना के बाद मायका के अवैध कारोबार में जुड़े माफियाओं ने दोनो शवों को जंगल में छुपा दिया था। शुक्रवार की रात धंधेबाजों द्वारा दोनों शवों को मोटरसाइकिल में लाद कर उसे ठिकाने लगाने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को देख कर बाइक चालक घबरा गए और भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो धंधेबाज बाइक के साथ शव को छोड़ कर भाग निकले। जिसके बाद पुलिस ने बाइक समेत दोनों शवों को कब्जे में लिया। गांवा पुलिस ने शवों को जब्त कर थाना लाया और शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेजा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है और धंधेबाजों की तलाश कर रही है।