गिरिडीह झारखण्ड

जिला कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष ने किया प्रेस वार्ता, कहा भाजपा का अक्रोश रैली बौखलाहट का नतीजा

Share This News

गिरिडीह। भारतीय जनता पार्टी का युवा आक्रोश रैली बौखलाहट का नतीजा है। यह बातें जिला कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया ने कही। बुधवार को सतीश केडिया ने प्रेस वार्ता आयोजित कर कहा कि भाजपा युवाओं के नाम पर जो आक्रोश रैली निकाल रही है, वह राज्य की गठबंधन सरकार की कामयाबी को देख कर उनकी बौखलाहट है।

कहा कि राज्य की हेमंत सरकार द्वारा मैंया सम्मान योजना के तहत खटाखट मां बहनों के खाते में पैसा भेजा जा रहा है। भाजपा को आक्रोश इस बात का है कि केंद्र सरकार द्वारा पीएम आवास योजना की राशि रोक कर रखा गया है। इसके बावजूद भी राज्य की हेमंत सरकार अपने पैसे से झारखंड की गरीब जनता को अबुआ आवास दे रही है। राज्य सरकार ने किसानों का दो लाख तक का ऋण माफ करने का घोषणा कर दिया है।

किसानों की फसल बीमा मात्र एक रुपया में किया जा रहा है। ऐसे कई जन कल्याण कारी योजना झारखंड सरकार धरातल पर उतार रही है। इन्हीं बातों से भाजपा में बौखलाहट और आक्रोश है। कहा कि षड्यंत्र के तहत भाजपा सरकार ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेजने का काम किया।

मगर इन सब के बाद भी गठबंधन दल के नेता हेमंत सोरेन निखर रहे हैं। इन्हीं सब हताशा के कारण भाजपा आक्रोश रैली निकाल कर जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। कहा कि भाजपा के तमाम कोशिशों के बावजूद भी राज्य की हेमंत सरकार का कुछ नहीं कर पा रही है जिस कारण भाजपा में बौखलाहट है।