झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों स्वीडन दौरे पर हैं। इस दौरे का मुख्य मकसद झारखंड में निवेश लाना और राज्य के विभिन्न विकास कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जुटाना है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में झारखंड सरकार के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने IVL स्वीडिश पर्यावरण अनुसंधान संस्थान के मुख्यालय का दौरा किया। वहां उन्होंने संस्थान के सीईओ जॉन रून नीलसन के साथ व्यापक चर्चा की।
इस बैठक को झारखंड के सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्वीडन की पर्यावरण जागरूकता नीतियों को झारखंड में लागू करने के प्रयास भी इस दौरान चर्चा का विषय रहे। स्वीडन में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित रात्रिभोज में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने प्रवासियों से आग्रह किया कि वे नॉर्डिक देशों में भारत के ‘ब्रांड एंबेसडर’ बनें और स्वीडन में निवेश के अवसरों का लाभ उठाएं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वीडिश कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर झारखंड में निवेश करने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य की प्राकृतिक संपदाओं, कुशल मानव संसाधन, निवेश-अनुकूल नीतियों और औद्योगिक संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में निवेश से न केवल कंपनियों को लाभ होगा बल्कि राज्य के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।