गिरिडीह झारखण्ड

पल्स पोलियो, स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम को लेकर हुई बैठक

Share This News
गिरिडीह उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा के निर्देश के आलोक में सिविल सर्जन डॉक्टर सिद्धार्थ सान्याल की अध्यक्षता में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान 2021 , राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम तथा पल्स पोलियों के सफल संचालन को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सिविल सर्जन द्वारा जानकारी दी गयी कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आगामी 30 जनवरी से 13 फरवरी तक राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ताकि जिलावासियों को जागरूक व सचेत किया जा सके।
इसके अलावा बैठक के दौरान सिविल सर्जन ने जिला स्तर पर कुष्ठ रोग से संबंधित किये जा रहे कार्यों एवं वर्तमान में ईलाजरत मरीजों की जानकारी ली। साथ हीं कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों के बेहतर इलाज, रख रखाव व उन्हे दी जाने वाली सुविधाओं को लेकर सभी संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि 30 जनवरी से 13 फरवरी तक स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावे 31 जनवरी से शुरू होने वाली तीन दिवसीय विशेष पल्स पोलियो अभियान की सभी आवश्यक तैयारियों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बताया गया कि 31 जनवरी को बूथ पर और 1 एवं 2 फरवरी को डोर टू डोर अभियान चलाकर बच्चों को पोलियो का खुराक पिलाया जाएगा। इस पल्स पोलियो की तिथि को बढ़ाया गया है। ताकि पल्स पोलियो का टीका शत-प्रतिशत बच्चों को पिलाया जा सके। साथ ही पल्स पोलियो के कार्यों को सुदृढ़ तरीके से किया जा सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक बच्चों किशोरों, किशोरियों को सहिया एवं शहरी क्षेत्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के द्वारा एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। यह अभियान 10 से 20 फरवरी तक चलेगा। इन सभी क्रियान्वयन को सफल संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। बैठक में सिविल सर्जन के अलावे जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला आरसीएच पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य सेवा से जुड़े हुए सभी पदाधिकारी एवं कर्मी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।