गिरिडीह झारखण्ड

बेटे की जिंदगी बचाने के लिए एक पिता की मार्मिक अपील, दुर्घटना में घायल युवक के इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ पिता सरकार से लगा रहे गुहार

Share This News

गिरिडीह। रांची में दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल गिरिडीह के युवक के इलाज में मोटी रकम की जरूरत है। लगभग 10 लाख रुपए खर्च करने के बाद घायल युवक के पिता ने अपने जिगर के टुकड़े के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई है। हालांकि उन्होंने अपने बेटे के इलाज में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मार्मिक गुहार लगाई है।

इस मामले को मुख्यमंत्री ने संज्ञान में लेते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री को उचित पहल करने की बात भी कही है। स्वास्थ्य मंत्री ने रांची के डीसी को भी इस मामले में पहल करने का निर्देश दिया है। मगर अब तक घायल युवक के इलाज के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। घायल युवक फिलहाल रांची के पल्स अस्पताल में भर्ती है। घायल युवक विवेक रंजन के पिता राजेश कुमार गिरिडीह समाहरणालय में सामाजिक सुरक्षा विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में युवक के सर पर गंभीर चोट लगी है। अब तक इलाज में लगभग दस लाख रुपए खर्च हो चुके हैं और अब वह आर्थिक रूप से इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ हो गए हैं। उन्होंने राज्य सरकार के साथ साथ लोगों से भी अपील की है कि उनके जिगर के टुकड़े की जिंदगी बचाने में उनकी मदद की जाए।