गिरिडीह झारखण्ड राजनीति

नामांकन के बाद जनसभा में कल्पना ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, कहा झारखंड की अस्मिता को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन के पक्ष में करें वोट

Share This News

गिरिडीह। गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए बतौर प्रत्याशी नामांकन करने के बाद कल्पना सोरेन ने एक जनसभा को संबोधित किया। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन उपस्थित थे। गिरिडीह के पपरवाटांड़ फुटबॉल मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि झारखंड को आगे बढ़ाने का को सपना हेमंत सोरेन और उनके सरकार के सहयोगियों ने देखा था उसे हम सब को पूरा करना है।

कहा भाजपा वाले झारखंड की अस्मिता को खत्म करना चाहते हैं। झारखंड को बचाने के लिए आप सभी को इंडिया गठबंधन को मजबूती देना होगा। अपने संबोधन के दौरान कल्पना सोरेन भाजपा पर जमकर हमलावर हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड में आरक्षण को समाप्त करना चाहती है। सीएनटी एसपीटी एक्ट के साथ खिलवाड़ करना चाहती है। अपना हक मांगने पर भाजपा वाले लोगों को जेल में डालने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड का एक लाख छत्तीस हजार करोड़ रुपया जब केंद्र सरकार से मांगा गया तो उन्होंने हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा अपने हक के लिए लड़ाई लड़ना होगा। कल्पना सोरेन ने कहा कि हेमंत सरकार ने राज्य में जनहित की कई योजनाओं को चलाया है, मगर भाजपा और उनके सहयोगी जनता को गुमराह करने कर उन योजनाओं को अपना बता रहे हैं। उन्होंने जनता को बहकावे में नहीं आते हुए आगामी लोकसभा और गांडेय विधानसभा के उपचुनाव में जनता के हित में काम करने वाली सरकार के पक्ष में वोट करने की अपील की।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि 2014 के चुनाव से लेकर अब तक केंद्र की भाजपा सरकार ने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी घोषणाएं की सब जुमला साबित हुआ है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने जनता के विकास का कोई काम नहीं किया है। जनसभा को मंत्री आलमगीर आलम, सत्यानंद भोगता, हफीजुल हसन अंसारी, बादल पत्रलेख, बेबी देवी, बसंत सोरेन, राज्यसभा सांसद डॉक्टर सरफराज अहमद, महुआ मांझी, मिथलेश ठाकुर, राजेश ठाकुर, विधायक नलिनी सोरेन, मथुरा प्रसाद महतो बिनोद सिंह, इरफान अंसारी, सुदीव्य कुमार सोनू, अनूप सिंह आदि ने भी संबोधित करते हुए इंडिया गठबंधन को वोट करने की अपील की।