गिरिडीह झारखण्ड राँची

बढ़ाई गई धोनी के घर की सुरक्षा, सोशल मीडिया पर धमकी मिलने के बाद पुलिस ने बढ़ाई चौकसी

Share This News

रांची। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। धोनी के रांची स्थित रातू थाना अंतर्गत सिमलिया के फार्म हाउस और अरगोड़ा क्षेत्र स्थित हरमू आवास के बाहर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। सोशल मीडिया पर धोनी को मिली धमकी के बाद रांची पुलिस अलर्ट हो गयी है। सुरक्षा के मद्देनजर सिमलिया इलाके में पुलिस के वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गयी है। वहीं रातू थाना प्रभारी राजीव रंजन लाल ने शनिवार को धोनी के सिमलिया स्थित फार्म हाउस पहुंचकर सुरक्षा का जायजा भी लिया। पुलिस टीम ने एहतियातन धोनी के घर के बाहर स्टैटिक फोर्स को तैनात कर दिया है।

गौरतलब है कि आईपीएल में प्रदर्शन खराब होने के बाद क्रिकेटर धोनी की पत्नी साक्षी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी पांच साल की बेटी जीवा को लेकर अभद्र टिप्पणी करते हुए धमकी दी गयी है। पुलिस ने धमकी देने वाले और अभद्र टिप्पणी करने वाले अकाउंट को चेतावनी भी दी है। इस बाबत ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने कहा कि पुलिस टीम की टेक्निकल सेल अपना काम कर रही है। जल्द ही अभद्र टिप्पणी करने वाला व्यक्ति पुलिस की गिरफ्त में होगा। एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ाई गयी है।