गिरिडीह के ताराटांड़ थाना क्षेत्र में पंडरी गांव के पास गिरिडीह-टुंडी मुख्य मार्ग पर दूध लदे टेंपो और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई।
मृतक की पहचान धनबाद के पांडर कनाली दक्षिण गर्भुडीह निवासी समरेश महतो (40) के रूप में की गई।
बताया गया कि दूध लदे टेंपो धनबाद की तरफ से आ रहा था। समरेश महतो काम से वापस अपने घर धनबाद जा रहे थे। इसी दौरान टेंपो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में समरेश गंभीर रूप से घायल हो गए और टेंपो भी पलट गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत ताराटांड़ थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल गिरिडीह पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें धनबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।