गिरिडीह झारखण्ड धर्म

कल से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा लोक आस्था का महापर्व छठ

Share This News

आस्था का महापर्व छठ कल 28 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। चार दिन तक चलने वाली छठ पूजा की शुरुआत नहाय खाय से होती है। इस दिन व्रती गंगा स्नान करने के बाद पूजा करती हैं। इसके बाद मिट्टी के चूल्हे पर अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद बनाती हैं। नहाय-खाय के दिन कद्दू खाने का खास महत्व है। इसे व्रती सहित परिवार के सभी सदस्य प्रसाद के तौर पर ग्रहण करते हैं।

प्रसाद तैयार करते समय शुद्धता का विशेष तौर पर ख्याल रखा जाता है। बता दें कि छठ पर्व कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है। इस बार छठ पूजा की शुरुआत 28 अक्टूबर से होगी और 31 अक्टूबर को इसका समापन होगा। छठ पूजा के दिन सूर्य देव की पूजा की जाती है। लोक-आस्था का यह त्योहार सबसे ज्यादा बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में मनाया जाता है।