Site icon GIRIDIH UPDATES

झामुमो कार्यकर्ताओं ने फूंका भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला, दीपक प्रकाश को बताया लोकतंत्र का हत्यारा

Share This News

गिरिडीह। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा जिला इकाई की ओर से सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश पुतला दहन किया गया। शहर के टावर चौक पर झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश द्वारा दुमका में दिए गए बयान पर कड़ा आपत्ति जताते हुए उनका पुतला फूंका और दीपक प्रकाश के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान झामुमो नेताओं ने दीपक प्रकाश के बयान को लोकतंत्र की हत्या करने वाला करार दिया। इधर पुतला दहन के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा जल रहे पुतला को पानी डाल कर बुझाया गया।

मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झारखण्ड की जनता द्वारा चुनी गई सरकार को गिराने की धमकी दी जाती है उस से साफ प्रतीत होता है कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों के द्वारा अनर्गल बयानबाज़ी किया जाता है और उल्टा सूबे के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाता है। कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को इस मामले पर संज्ञान लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश पर कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल से भी दीपक प्रकाश के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। कहा कि अगर भाजपा के लोग अपनी हरकतों से बाज़ नहीं आएंगे तो झामुमो लोकतंत्र की रक्षा की खातिर लड़ाई लड़ने को तैयार है। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा किसी भी कीमत पर लोकतंत्र के खिलाफ साजिश को बर्दाश्त नहीं करेगी।

मौके पर अजित कुमार पप्पू, शहनवाज अंसारी, प्रमिला मेहरा, चांद रशीद, अभय कुमार सिंह, शेखर यादव, दिलीप रजक, पप्पू रजक, राकेश कुमार सिंह, बंटी केडिया समेत कई लोग शामिल थे।

Exit mobile version