गिरिडीह झारखण्ड

गिरिडीह: गोली चलने की अफवाह पर सनसनी, पुलिसिया जांच में नहीं मिला निशान

Share This News

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदननगर में शनिवार की रात गोली चलने से एक युवक के घायल होने की जानकारी को पुलिस मिली। जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को कहीं भी गोली चलने का निशान नहीं मिला है। घटना के संदर्भ में बंटू मुर्मू का कहना है कि दीपावली की रात वह अपने परिवार के साथ गुजर रहा था। जिस गली से वह गुजर रहा था वहां कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। वह थोड़ी देर के लिए रुका तभी एक युवक ने रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। गोली उसके हाथ को छूकर निकली जिससे बंटू मुर्मू का हाथ जख्मी हो गई। बाद में उसने अपना इलाज करवाया। कहा कि उसका किसी से विवाद नहीं है। मामला फायरिंग से जुड़ा हुआ था तो मुफस्सिल थाना प्रभारी आरएम ठाकुर ने सअनि जितेंद्र कुमार व नवल किशोर मिश्र को मौके पर भेजा।

पुलिस के अधिकारी पहुंचे और देखा कि यदि गोली चली है तो कुछ न कुछ निशान मौके पर मिलेगा। चूंकि जिस स्थान पर फायरिंग की बात कही गयी वहां दीवार है ऐसे में फायरिंग के बाद निशान दीवार पर भी मिलना चाहिए था लेकिन छानबीन में किसी प्रकार का निशान नहीं मिला। इस दौरान यह भी बात सामने आयी की रात में इलाके में कुछ लड़के बांस के डंडे में पटाखा लगाकर फोड़ रहे थे। अब इसकी भी जांच पुलिस कर रही है। अब पुलिस इस मामले की पूरी सच्चाई जानने के लिए उस युवक को भी खोज रही है जिसपर फायरिंग करने का आरोप लगा था। कहा जा रहा है कि आरोपी युवक के सामने आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि मामला क्या है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।