Site icon GIRIDIH UPDATES

जलाकर पति की हत्या करने की आरोपित पत्नी गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार

Share This News

ससुराल में रह रहे पति की जलाकर हत्या करने की आरोपित पत्नी को पुलिस ने छापामारी करते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित जूली परवीन गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांधी गली बरवाडीह की रहने वाली है। उसकी ससुराल इसी थाना क्षेत्र के बुढ़ियाखाद गांव में है। पति की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उसे गांधी गली स्थित मायके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला को चिकित्सीय जांच कराने के बाद न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।

महिला का पति मो. अफजल आलम बुढ़ियाखाद का रहनेवाला था। महिला पूर्व में ससुराल में ही रह रही थी, लेकिन वहां ससुराल वालों से अनबन होने के बाद वह अपने पति के साथ गांधी गली स्थित मायके में रहने लगी। कुछ दिनों के बाद यहां पति के साथ उसका विवाद बढ़ता गया और 15 दिन पूर्व अहले सुबह जब पति घर में सोया था तो अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर महिला ने अपने पति को आग लगा दी थी।

आग लगने के बाद पति गंभीर स्थिति में बाहर दौड़ा निकला तो मोहल्लेवालों ने उसे किसी तरह आग बुझाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद भेज दिया गया था। उसने इलाज के क्रम में दम तोड़ दिया था। मो. अफजल के पिता के आवेदन पर मुफ्फसिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी जिसके आधार पर आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

Exit mobile version