गिरिडीह झारखण्ड

सड़क हादसे में पति की मौत पत्नी घायल, परिजनों में मातम

Share This News

गिरिडीह। जिला के जमुआ थाना अंतर्गत सोमवार की सुबह सड़क हादसे में पति की मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना से परिजनों में मातम पसर गया है। दोनों पति पत्नी स्कूटी पर सवार हो कर जा रहे थे इसी दौरान एक चार पहिया वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मृतक गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के भंडारीडीह स्थित मवेशी अस्पताल के समीप का रहने वाला बिनोद चौधरी था।

इधर घटना की सूचना पाकर जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि मृतक की घायल पत्नी मीरा देवी को इलाज के लिए गिरिडीह स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि मृतक बिनोद और उसकी पत्नी मीरा एक शादी समारोह में भाग लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे।

इसी क्रम में जमुआ के समीप एक चार पहिया वाहन में स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दिया। दुर्घटना में बिनोद को गंभीर चोट पहुंची और उसने घटना स्थल पर ही दम तोड दिया। जबकि मीरा गंभीर रूप से घायल हो गई। जमुआ पुलिस द्वारा चार पहिया वाहन और स्कूटी को जब्त कर लिया गया है।