गिरिडीह झारखण्ड

कलश स्थापना के साथ आज से शुरू हुई शक्ति की भक्ति

Share This News

मां दुर्गा की उपासना का महापर्व आज गुरुवार से शुरू हो गया। गिरिडीह जिले में नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की जा रही है। इसे लेकर प्रमुख देवी मंदिरों को सजाया गया है। लोग घरों में भी कलश स्थापना कर मां भगवती की पूजा कर रहे हैं। जगह-जगह पर चुनरी, नारियल आदि पूजन सामग्री की दुकानें सज कर तैयार हैं। श्रद्धालु माता के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

इस दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मंदिरों एवं पंडालों में कलश स्थापना की जा रही है। लोग अपने घरों में प्रतिमा और कलश स्थापना कर भक्ति-भाव के साथ आदिशक्ति की आराधना में जुट गए हैं। वहीं गिरिडीह के श्री आदि दुर्गा मंडप, छोटकी काली मंडप, विश्वनाथ मंदिर, पचम्बा कालीमंडप, बरमसिया, बनियाडीह, पपरवाटाँड़ समेत सभी पूजा पंडालों और मंडपों में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा शुरू हुई।