गिरिडीह झारखण्ड राजनीति

झारखंड में किसानों का 2 लाख का कर्ज माफ होगा, 1.28 लाख करोड़ का बजट पेश

Share This News

झारखंड में वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने 1 लाख 28 हजार 900 करोड़ का बजट पेश किया है। सरकार ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा की है। बजट में किसानों की ऋण माफी को 50 हजार से बढ़ाकर दो लाख कर दिया है। इस योजना में एनपीए खाता धारक किसानों को भी शामिल करने का ऐलान किया है। डॉ. रामेश्वर उरांव लगातार पांचवीं बार विधानसभा में बजट पेश किया।

इस बार के बजट में पिछले साल से 3.7 फीसदी का इजाफा हुआ है। पिछले वित्तीय वर्ष का बजट 1 लाख 16 हजार 418 करोड़ रुपए था। चुनावी साल होने के कारण इस बार योजनाओं पर सरकार का फोकस है। आर्थिक विकास दर 7.7 फीसदी रहने का अनुमान है।

सदन में वित्त मंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 11.18 प्रतिशत की वृद्धि के साथ राजस्व आय के 53 हजार 500 करोड़ रुपए रहने का अनुमान है। इसे वर्ष 2023-24 से 2030 के बीच हर साल 14.2 प्रतिशत की औसत वृद्धि सुनिश्चित करके हासिल किया जा सकता है।

चंपई सरकार ने झारखंड को 2030 तक 10 ट्रिलियन (10 लाख करोड़ रुपए) की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। बजट के बाद सदन कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।