गिरिडीह झारखण्ड

मास्क को लेकर गिरिडीह प्रशासन हुआ सख्त, बिना मास्क घूमने वालो पर लगा 500/- जुर्माना

Share This News
देश के दूसरे राज्यों में कोरोना के लगातार बढ़ते मामले को देखते हुए झारखंड राज्य भी अलर्ट हो गया है। इसी को लेकर राज्य भर के जिलों में मास्क चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को गिरिडीह अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देशानुसार शहर के अंबेडकर चौक पर सख्ती से मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व कार्यपालक दंडाधिकारी धीरेंद्र कुमार, ज्योति वंदना कुजुर, नगर थाना प्रभारी रामनारायण चौधरी, ट्रेफिक इंस्पेक्टर प्रेम रंजन उराव व कई जवानों द्वारा किया गया।
मजिस्ट्रेट धीरेंद्र कुमार ने बताया कि कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए गिरिडीह प्रशासन भी अलर्ट है। इसी को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर बिना मास्क पहने लोगों का 500 रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घर से निकलते वक्त मास्क अवश्य पहनें। मालूम हो कि मुंबई, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि कई राज्यों के शहरों में कोरोना का मामला तेजी से बढ़ रहा है। बताया गया कि अभी भी मास्क पहनना बेहद जरूरी है।