गिरिडीह झारखण्ड

गिरिडीह के आजाद नगर में दो पक्षों में झड़प के बाद पथराव, पुलिस ने सम्हाला मोर्चा

Share This News

शहर के स्टेशन रोड के समीप आजाद नगर में खेलने के क्रम में दो समुदाय के बीच मामूली विवाद को लेकर शुक्रवार देर शाम को झड़प हो गई। इस झड़प के बाद दोनों ओर से पथराव भी हुआ। इससे आसपास का माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि इसकी भनक लगते ही नगर थाना की पुलिस के साथ आलाधिकारी भी पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्षों के लोग भाग गए और किसी ने भी पुलिस के सामने आने की हिम्मत नहीं दिखाई।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मोहल्ले के बच्चे आपस में खेल रहे थे। खेल के क्रम में दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इस झगड़े में परिवार के बड़े सदस्य कूद पड़े और विवाद काफी बढ़ गया। झगड़ा और पथराव की खबर मिलते ही प्रशासनिक महकमा सक्रिय हो गया और बिना देर किए भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पहुंच गया। पुलिस को देखते ही पथराव करने वाले दोनों पक्षों के लोग भाग निकले। माहौल तनावपूर्ण रहने के कारण पुलिस की टीम अब भी मोहल्ले में कैंप कर रही है। थानेदार रामनारायण चौधरी ने बताया कि क्रिकेट खेलने को लेकर दो समुदाय के बच्चों में झगड़ा हो गया। इस झगड़े में बड़े भी आगे आ गए और दोनों ओर से विवाद बढ़ गया, लेकिन जैसे ही पुलिस को सूचना मिली तुरंत पुलिस की टीम घटनास्थन पहुंचकर मामले को शांत करा दी।

फिलहाल पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार और फागू नाथ पुलिस बल के साथ मोहल्ले में कैंप कर रहे हैं। थानेदार रामनारायण चौधरी मोहल्ले में लगातार गश्ती करते हुए लोगों को सद्भाव बनाए रखने की नसीहत दे रहे हैं। इधर प्रभारी पुलिस अधीक्षक सह मुख्यालय डीएसपी वन संजय कुमार राणा, सदर एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह, सदर एसडीएम विशालदीप खलखो, मुख्यालय एएसपी हारिस बिन जमां समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी लगातार स्टेशन रोड, बीबीसी रोड़, आजाद नगर समेत अन्य मोहल्लों में नजर बनाए हुए है व मार्गों में भ्रमण कर शांति का संदेश दे रहे हैं।