गिरिडीह झारखण्ड

गिरिडीह में दो कार की आमने-सामने की टक्कर, चालक समेत दो लोगों की मौत, 8 घायल

Share This News

गिरिडीह-डुमरी रोड के पीरटांड थाना क्षेत्र के पांडेयडीह में रविवार की दोपहर तेज रफ्तार से जा रही एक कार और वैन में टक्कर हो गई। आमने सामने हुई इस टक्कर के बाद वैन सड़क के किनारे गड्ढे में जा गिरी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों में से तीन की स्थिति चिंतजनक बनी हुई है।
बताया जाता है कि रविवार की दोपहर गिरिडीह से डुमरी की तरफ कार जा रही थी। कार पर दो लोग सवार थे। जबकि विपरीत दिशा से वैन आ रही थी। वैन में सात लोग सवार थे। दोनों वाहन की आमने सामने टक्कर हो गई। टक्कर जोरदार थी और दुर्घटना होते ही सवारियों समेत वैन सड़क के किनारे गड्ढे में जा गिरी। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े।

इस बीच सूचना मिलते ही पीरटांड पुलिस भी पहुंची। सभी 9 लोगों को सदर अस्पताल भेजा गया। यहां पर दो लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मरने वालों में एक का नाम गोमो निवासी सोहन मोहली जबकि दूसरा मृतक वैन का चालक इसरी निवासी शौकत अली था। वहीं घायलों में गावां निवासी पुरुषोत्तम पंडित, मालडा निवासी निशा पांडेय, कुडको निवासी झगरू तुरी, रूबी कुमारी, धनबाद के गोमो निवासी विवेक कुमार, गौतम कुमार, शोभा कुमारी व रीना देवी शामिल हैं।