गिरिडीह झारखण्ड

डॉक्टर अमित गौंड के घर पहुंचे बाबूलाल, शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस

Share This News

गिरिडीह। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सूबे के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी शुक्रवार को स्व डॉक्टर अमित गौंड के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत डॉक्टर के शोकाकुल परिवार जनों को ढांढस बंधाया।

बाबूलाल मरांडी ने इस दुख की घड़ी में डॉक्टर गौंड के परिजनों को सांत्वना देते हुए घटना के प्रति गहरी शोक संवेदना प्रकट की। मौके पर उन्होंने कहा कि डॉक्टर अमित गौंड का असमय निधन गिरिडीह के उम्मीदों के लिए दुख भरी घटना है। वह गिरिडीह के एक प्रसिद्ध चिकित्सक के रूप में अपना स्थान बना रहे थे।

उनके असमय चले जाने से गिरिडीह जिला में चिकित्सा के क्षेत्र में गहरा आघात पहुंचा है। बताते चलें कि युवा चिकित्सक डॉक्टर अमित गौंड बहुत ही कम समय में अपने कुशल व्यवहार और बेहतर चिकित्सा के कारण एक अच्छे सर्जन के रूप में पहचान बना चुके थे। उन्होंने अपना एक अस्पताल का निर्माण भी कराया था।

जिसका उद्घाटन शीघ्र होने वाला था। मगर अस्पताल उद्घाटन से पहले ही वह इस दुनिया से चल बसे। बताया गया कि डॉक्टर अमित गौंड पेंक्रियाज की बीमारी से ग्रस्त थे और उनका इलाज हैदराबाद में चल रहा था। बुधवार को इलाज के क्रम में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉक्टर अमित गौंड के निधन से गिरिडीह में शोक की लहर है।