गिरिडीह झारखण्ड

गिरिडीह: दांपत्य जीवन में बंध कर फरार प्रेमी युगल ने थाना में किया सरेंडर, 01 जून को साथ भागा था प्रेमी जोड़ा

Share This News

गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के कर्णपुरा पंचायत से बीते 01 जून को फरार हुए प्रेमी जोड़े ने शादी करने के बाद थाना में सरेंडर कर दिया। मंदिर में शादी रचा कर दांपत्य जीवन में बंधने के बाद दोनो प्रेमी युगल बेंगाबाद थाना पहुंचे और आत्मसमर्पण किया।

इधर थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचित कर दिया है। बताया जाता है कि प्रेमी युवक गांडेय के फुल्ची पहरदाहा का रहने वाला है। जबकि युवती खंडोली की रहने वाली है। युवती के गांव में युवक का रिश्तेदारी था। जहां उसका आना जाना लगा था। इसी दौरान युवक युवती एक दूसरे के संपर्क में आए और दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा। बताया गया कि दोनो यूवक युवती चार वर्षों से प्रेम बंधन में बंधे हुए थे। युवक हजारीबाग में रह कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

जबकि युवती ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर चुकी है। दोनों ने अपने प्रेम को अंजाम तक पहुंचाने का फैसला लिया और बीते 01 जून को साथ में फरार हो गए। बताया गया कि घर से भागने के बाद दोनों धनबाद पहुंचे और मंदिर में शादी रचा ली। बताया जाता है कि दोनों प्रेमी जोड़ा बालिग है और एक ही बिरादरी के हैं। दोनों ने सोच समझ कर दांपत्य सूत्र में बंधने का निर्णय लिया है। इधर सूचना मिलने के बाद युवती के परिजन थाना पहुंच गए हैं जबकि खबर लिखे जाने तक युवक के परिजन थाना नहीं पहुंचे थे।