गिरिडीह झारखण्ड

गिरिडीह पुलिस ने करोड़पति साइबर अपराधी को किया गिरफ्तार, कई थानों में दर्ज है मामला

Share This News

गिरिडीह। गुप्त सूचना के आधार पर गिरिडीह साइबर सेल की टीम ने एक करोड़पति साइबर अपराधी को ठगी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। साइबर ठग की गिरफ्तारी जिला के एसपी दीपक कुमार शर्मा के निर्देश पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गपेय गांव से हुई है।

सूचना मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर साइबर डीएसपी आबिद खान के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी करते हुए ठग को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में पूरी जानकारी देते हुए एसपी दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि पकड़ा गया अपराधी सोनू कुमार वर्मा वरली मुंबई के एक साइबर केस में जेल भी चुका है।

जबकि उसके विरुद्ध गिरिडीह नगर थाना, मुफ्फसिल थाना और साइबर थाना में पूर्व से कांड अंकित है। बताया गया कि सोनू कुमार वर्मा ने जेल से निकलने के बाद फिर से ठगी के काम में लगा हुआ था। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी ने साइबर ठगी कर के करोड़ों की चल और अचल संपत्ति अर्जित की है। ठगी किए गए पैसे से उसने लगभग 50 लाख का ट्रक, 18 लाख का चार चक्का वाहन, दो–दो लाख का दो चक्का वाहन, हजारीबाग में 50 लाख का फ्लैट और अपने परिजनों के नाम से दो अलग अलग स्थानों पर दो करोड़ का जमीन खरीदा है।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार ठग की संपति की जांच के लिए संबंधित विभाग को लिखा जायेगा। बताया गया कि गिरफ्तार ठग एक एप के माध्यम से लोगों को लड़कियों से न्यूड वीडियो कॉलिंग करवाने और लड़कियां उपलब्ध करवाने के नाम पर ठगी करने का काम करता था। इसके अलावा गूगल पे फोन पे का कस्टमर केयर का फर्जी तरीके से नंबर पंच कर लोगों को अपने जाल में फंसा कर उनसे ठगी कर लेता था। साथ ही कैश बैक देने का झांसा देकर भी लोगों को चूना लगाता था।