अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् गिरिडीह के द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के जयंती पर आज रविवार को सर्कस मैदान गिरिडीह में महिला और पुरुष वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ अनुज कुमार, संघ के मुकेश रंजन, विश्वविद्यालय सह संयोजक कृष्णा त्रिवेदी ने स्वामी विवेकानंद जी और सरस्वती माता के तस्वीरों पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस दौरान अभाविप के जिला संयोजक उज्जवल तिवारी कहा कि हर वर्ष अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्वामी विवेकानंद की जयंती धूमधाम से मनाती है। स्वामी विवेकानंद भारत के ऐसे संतों में से एक हैं जिन्होंने पूरे विश्व में भारत और भारतीयता का झंडा बुलंद करने का काम किया। जब भारत के गौरवशाली इतिहास को कुछ फर्जी इतिहासकारों, मुगलों और अंग्रेजों की ओर से दबाने का प्रयास कर भारत को सपेरों और गडरियों के देश की संज्ञा दी गई, ऐसे में उन्होंने भारत के गौरवशाली इतिहास का वर्णन समूचे विश्व के सामने रखा।
शिकागो धर्म संसद में उन्होंने पूरे विश्व के सामने भारत और हिंदू धर्म का डंका बजाया। इकाई मंत्री बबलू यादव ने बताया कि प्रति वर्ष अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्वामी विवेकानंद जयंती से लेकर नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को युवा पखवाड़ा के रूप में मनाती है। इस दौरान विभिन्न तरह के रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
मौके पर विशिष्ट अतिथि रंजीत राय, नगर अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, उपाध्यक्ष राजेश पांडेय,ज्योति कुमारी,प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रोशन चंद्रवंशी,कॉलेज मंत्री नीरज चौधरी, रोहित बरनवाल,अनीश रॉय, शुभम तांती,अभिजीत मिश्रा,राजेश यादव,अभिजीत सिंहा,सदानंद राय,दीपा कुमारी, अंजली कुमारी,पूनम कुमारी,सचिन शर्मा,अंकित पासवान,रोहन तिवारी,गुलशन यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।