गिरिडीह जमशेदपुर राँची

गिरिडीह में पदस्थापित दारोगा के बेटे सहित दो की राँची-टाटा हाइवे में सड़क दुर्घटना में मौत, बेटी की स्थिति गंभीर

Share This News

गिरिडीह जिले में पदस्थापित दारोगा और जिला पुलिस मेंस एसोसिएशन के सचिव जितेन्द्र सिंह के बेटे की तमाड़ में सड़क हादसे में मौत की खबर सामने आई है। 

खबर मिलते ही यहां पुलिस महकमा में शोक की लहर दौड़ गई। गिरिडीह पुलिस मेंस एसोसिएशन के साथ जिले के तमाम पुलिस अफसरों व जवानों ने घटना पर दुख व्यक्त किया है।

जितेन्द्र सिंह मूल रूप से बिहार के पटना जिले के रहने वाले हैं। लेकिन वर्षों से जमशेदपुर में रह रहे हैं। वर्तमान में जितेन्द्र सिंह गिरिडीह में पदस्थापित हैं। सरस्वती पूजा के दिन सोमवार को अहले सुबह उन्हें मिली खबर ने बेचैन कर दिया और वे रोते बिलखते रांची के लिए रवाना हो गए। घटना रांची-टाटा एनएच-33 पर हुई।

रविवार की रात में रांची में एक शादी समारोह में शामिल होकर अहले सुबह जितेन्द्र सिंह के पुत्र ऋतु राज, बेटी रोहिणी व एक उसकी सहेली जान्हवी कुमारी वेगन आर कार में अपने घर जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी बीच तमाड़ रड़गांव के पास बीच सड़क पर खड़ी ट्रेलर के पीछे से कार की जोरदार टक्कर हो गई। जिससे कार में सवार ऋतु राज (25) व जान्हवी कुमारी (18) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

जबकि रोहिणी गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज रांची रिम्स में चल रहा है।