गिरिडीह के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बराकर नदी पुल पर रविवार शाम को बेहोशी की हालत में मिली नवविवाहिता की मौत सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
रविवार शाम को गश्त के दौरान पीरटांड़ थाने की पुलिस को बराकर नदी पुल पर बेहोशी की हालत में लगभग 18 वर्षीय युवती मिली। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। युवती की हालत गंभीर देखते हुए पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया। साथ ही उसके नाम व पता की जानकारी में जुट गई ताकि उसके परिजन को इसकी जानकारी दी जा सके। इधर जानकारी मिलने पर रविवार देर शाम को मृतका के परिजन अस्पताल पहुंचे।
मृतका की पहचान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के चिरकीडीह निवासी सुराबीन हेम्ब्रम की पत्नी गुलाब टुडू के रूप में की गयी। उसका मायका पचंबा थाना अंतर्गत बड़कीटांड़ है। मृतका की मौसी फुलमुनी देवी ने बताया कि सुराबीन हेम्ब्रम शादी की नीयत से 17 जनवरी 2025 को गुलाब को भगा कर ले गया था। इसके बाद दोनों के घर वालों ने उन दोनों की शादी करवा दी। एक सप्ताह बाद सुराबीन गुलाब को प्रताड़ित करने लगा।
और जान से मारने की धमकी देने लगा। जिसको लेकर बड़कीगांव के वार्ड सदस्य डिस्टीक हेम्ब्रम ने पूर्व में पीरटांड थाना में आवेदन भी दिया था। डिस्टीक हेम्ब्रम द्वारा बताया गया कि गुलाब के ससुराल वाले दहेज के रूप में अपाची बाईक की मांग कर रहे थे और गुलाब टुडू को प्रताड़ित कर रहे थे। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।