Site icon GIRIDIH UPDATES

गिरिडीह सदर अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण किया गया

Share This News

गिरिडीह सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और बेहतर बनाने के उद्देश्य से आज इरफान अंसारी, मंत्री स्वास्थ्य चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार और सुदिव्य कुमार, मंत्री नगर एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी, शिक्षा विभाग, कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के द्वारा दीप प्रज्वलित कर सदर अस्पताल गिरिडीह में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण किया।

इसके पश्चात सदर अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन कर जायजा लिया गया। मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि गिरिडीह जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर एवं सुदृढ़ किया जा रहा है। सदर अस्पताल में अत्याधुनिक संसाधनों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कि यहां के लोगों को सुगम रूप से स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल सकें। सदर अस्पताल में संचालित इस ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के शुरू होने से जरूरतमंद मरीजों को रक्त के विभिन्न घटकों का लाभ मिलेगा। गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों और मरीजों को इससे बड़ा लाभ मिलेगा। 

साथ उन्होंने कहा कि गिरिडीह को स्वास्थ्य सुविधा का हब बनाया जाएगा। जल्द ही गिरिडीह जिले को मेडिकल कालेज, 300 करोड़ की लागत से तीन सौ बेड का अस्पताल व सुपर स्पेशिलिटी हास्पिटल की भी सौगात मिलेगी।

वहीं मंत्री सुदिव्य कुमार ने इस सुविधा को स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि ब्लड कम्पोनेंट सेपरेशन यूनिट की शुरुआत के साथ, अब थैलेसीमिया के मरीजों को बार-बार पूरी खून चढ़ाने की आवश्यकता नहीं होगी। यूनिट की मदद से सिर्फ आवश्यक घटक, जैसे कि रेड ब्लड सेल्स या प्लेटलेट्स, अलग कर मरीजों को दिए जा सकते हैं। इससे न केवल मरीजों की रिकवरी बेहतर होगी, बल्कि रक्त की बर्बादी भी रुकेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए और भी नई योजनाएं लाई जाएंगी। यह कदम उन मरीजों के लिए राहत लेकर आएगा जो आर्थिक समस्याओं के कारण प्राइवेट अस्पतालों में महंगे इलाज का खर्च नहीं उठा सकते। इस यूनिट में अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं, जो तेजी से और सुरक्षित तरीके से रक्त के घटकों को अलग कर सकती हैं।

Exit mobile version