गिरिडीह

बाईक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चैन छीन हुए फरार, सीसीटीवी फुटेज में दिखे आरोपी, भुक्तभोगी महिला ने की पहचान

Share This News

 

गिरिडीह शहर के बरगंडा स्थित महिला काॅलेज के पास दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र बरगंडा में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली।

भुक्तभोगी महिला की पहचान बरगंडा प्रोफेसर कॉलोनी की रहने वाली सुमित्रा रंजन के रुप में हुई है। घटना को लेकर उन्होंने बताया कि वह शाम को घर के समीप कन्हैया मेडिकल से दवा लेने के बाद छापरिया जनरल स्टोर से घर का कुछ जरुरी सामान लेने गई। जब वह सामान खरीदकर लौट रही थीं तो महिला कॉलेज के पास दो बाइक सवार युवक अचानक आए। उन्होंने सुमित्रा के गले से ढाई भर की सोने की चेन छीन ली। चेन की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है।

भुक्तभोगी महिला ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में बाइक से फरार हो गए। घटना को लेकर भुक्तभोगी महिला सुमित्रा रंजन ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

भुक्तभोगी महिला ने आगे बताया कि जब वह छापरिया जनरल स्टोर पर सामान ले रही थी तो यह दोनों बाइक सवार युवक वहां पहुंचे थे। जिसके तुरंत बाद ही दोनों युवकों में महिला कॉलेज के समीप चेन छिनतई की घटना को अंजाम दिया। वहीं महिला के परिचितों द्वारा आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकली गई।

जिसके बाद भुक्तभोगी महिला ने सीसीटीवी फुटेज देखकर दोनों आरोपी युवकों की पहचान की।

वहीं मामले को लेकर नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

Leave a Reply