क्राइम गिरिडीह झारखण्ड

सुनसान में बैठ कर लोगों से कर रहे थे ठगी, पुलिस ने छह साइबर अपराधियों को फिर दबोचा

Share This News

गिरिडीह। प्रतिबिंब पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर जिला की साइबर सेल की टीम ने ठगी कर रहे छह साइबर अपराधियों को दबोचा है। एसपी दीपक कुमार शर्मा के निर्देश पर यह कारवाई जिला के बगोदर एवं बेंगाबाद थाना क्षेत्र में की गई है। छापेमारी टीम का नेतृत्व में साइबर डीएसपी आबिद खान कर रहे थे। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिन छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है,

वह लोगों को लड़कियों से न्यूड वीडियो कॉलिंग करवाने का झांसा देते थे और उन्हें अपने जाल में फंसा कर ठगी कर लेते थे। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को मातृत्व राशि का लाभ दिलाने के नाम पर उनसे ठगी करते थे। साथ ही पकड़े गए साइबर ठग खुद को राशन कार्ड विभाग का आदमी बता कर एयरटेल पेमेंट एप का ओटीपी प्राप्त करते थे और उनके अकाउंट से पैसे उड़ा लेते थे। पकड़े गए साइबर अपराधियों में सरिया थाना क्षेत्र के नगर केशवारी का रहने वाला मितलाल मंडल, बगोदर थाना क्षेत्र के अटका का रहने वाला चंदन कुमार,

जमुआ थाना क्षेत्र के चुंगलो का रहने वाला बिरेंद्र कुमार मंडल, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महदेया का रहने वाला पंकज कुमार मंडल, गांडेय थाना क्षेत्र के महजोरी का रहने वाला अब्दुल कय्यूम और गांडेय के बरमसिया का रहने वाला कमरुद्दीन अंसारी शामिल है। गिरफ्तार अपराधियों में पंकज कुमार मंडल वर्ष 2023 में साइबर थाना में दर्ज केस में जेल जा चुका है। बताया गया कि सभी गिरफ्तार अपराधी एकांत में बैठ कर लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने सभी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े गए शातिरों के विरुद्ध साइबर थाना गिरिडीह में केस दर्ज करते हुए सभी को जेल भेज दिया गया।