गिरिडीह झारखण्ड

गिरिडीह मे शुरू हुआ कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण अभियान, वैक्सीन पूरी तरह से है सुरक्षित

Share This News

 

एक लंबे समय के पश्चात आज कोविड-19 टीकाकरण का इंतज़ार समाप्त हो गया। 16 जनवरी देश के लिए एक यादगार दिन बन गया। माननीय प्रधानमंत्री के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड-19 टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला स्तर पर गिरिडीह उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा की उपस्थिति में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,कल्याणडीह व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गांडेय में स्वास्थ्य सेवा से जुड़े हुए सफाई कर्मी को पहला वैक्सीन लगाकर टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई।

कल्याणडीह सीएचसी में चैताडीह मातृत्व अस्पताल का सफाई कर्मी मिंकल कुमार गुप्ता को जिला स्तर पर पहला कोरोना का टीका लगाया गया। वहीं गांडेय टीकाकरण सेंटर पर सफाई कर्मी पुतुल देवी को पहला टीका दिया गया। कोविड टीकाकरण कार्य होने के पश्चात उपायुक्त ने लभुकों को बधाई दी एवं उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उपायुक्त ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कल्याणडीह एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गांडेय में वैक्सीन की रख-रखाव की व्यवस्थाओं, तैयारियों एवं वैक्सीन का प्रबंधन के बारे में जानकारी ली। साथ ही सावधानी के अलावे कई आवश्यक दिशा निदेश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रतीक्षालय, ऑब्जर्वेशन रूम, सत्यापन कक्ष आदि का अवलोकन किया। उपायुक्त ने कहा कि दोनो टीकाकरण स्थलों पर पुख्ता इंतजाम किया गया है। साथ ही सभी टीकाकरण कर्मी पूरी तरह से सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टीकाकरण का कार्य किया गया। इस दौरान कोविड-19 मानकों यथा फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर एवं सामाजिक दूरी का अनुपालन सुनिश्चित किया गया। उन्होंने बताया कि 10 लाभुक के आने के पश्चात ही वाइल को खोला गया। वैक्सीन की एक वाइल में 10 लोगों को वैक्सीन लगाया जाता है। शाम तक वैक्सिनेशन की प्रक्रिया संचालित रहेगी। एक टीकाकरण स्थल पर रजिस्टर्ड 100 लोगों का टीकाकरण का कार्य किया जाएगा। टीकाकरण किए जाने वाले लाभुकों को एक दिन पहले ही एसएमएस एवं फोन के माध्यम से निर्धारित समय एवं तिथि से अवगत करा दिया जाएगा। टीकाकरण के बाद लाभुकों से अनुभव लिया गया है किसी भी प्रकार का कोई डर/भय या साइड इफेक्ट्स की बात सामने नहीं आई है। यह वैक्सीन पूर्ण रूप से सुरक्षित है।


वैक्सिनेशन डे के दिन उपायुक्त ने जिले वासियों को बहुत सारी शुभकामनाएं दी। साथ ही बताया कि कोई भी अफवाहो के चक्कर में ना पड़े। आज कोरोना का टीका डॉ विकास कुमार माथुर, डॉ अमिता राय, डॉ प्रकाश सहाय व जिले के अन्य चिकित्सा कर्मियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया गया। इस दौरान पहला टीका लेने वाले मिंकल कुमार गुप्ता ने बताया कि आज लंबे अंतराल के बाद टीकाकरण अभियान शुरू हुआ। इस टीके को लगाकर काफी सुखद अनुभव कर रहे है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार के साथ-साथ जिला प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया। टीकाकरण अभियान में मुख्य रूप से सिविल सर्जन डॉक्टर सिद्धार्थ सान्याल, सदर अनुमंडल पदाधिकारी प्रेरणा दीक्षित, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रश्मि सिन्हा, जिला नजारत उप समाहर्ता सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, गिरिडीह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रभारी पदाधिकारी, पीएचसी, कल्याण डीह एवं गांडेय प्रखंड से प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।